सोना-चांदी बाजार में भारी गिरावट: मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक बाजार में उथल-पुथल मची हुई है। ईरान और इजराइल के बीच युद्ध के दौरान तेल आपूर्ति ठिकानों को निशाना बनाए जाने से आने वाले समय में गैस और तेल की कमी बढ़ सकती है। इस जंग का असर यह हो रहा है कि क्रूड ऑयल और गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। दूसरी ओर, शेयर बाजार और सोना-चांदी धड़ाम हो रहे हैं। दोनों कीमती धातुओं में रोजाना गिरावट देखने को मिल रही है।
फेड द्वारा ब्याज दरों में कोई कटौती न करने और युद्ध का असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार के साथ सोना-चांदी पर भी देखने को मिला। घरेलू बाजार और एमसीएक्स (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर भी गोल्ड और सिल्वर के रेट में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
क्यों घटी और कितनी घटी?
इजराइल द्वारा पारस गैस फील्ड पर हमला, फेड रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती न करना और एचडीएफसी बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन के इस्तीफे का असर गुरुवार सुबह शेयर बाजार के साथ सोना-चांदी की कीमत पर भी देखने को मिला। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में ही 2000 पॉइंट से ज्यादा टूट गया था।
सोना और चांदी के भाव की बात करें तो दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। ibjarates.com पर जारी किए गए रेट के मुताबिक, गुरुवार को 24 कैरेट सोना 4000 रुपये और चांदी 13000 रुपये से ज्यादा टूट गई थी। तो एमसीएक्स (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर सोने में 9 हजार रुपये तो चांदी में 29 हजार रूपये की गिरावट देखने को मिली।
एमसीएक्स पर सोना और चांदी के भाव
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का रेट 6% और चांदी 12% से ज्यादा नीचे सरक गई थी। इसका बड़ा कारण मजबूत अमेरिकी डॉलर और ऊंची ब्याज दरों को लेकर खड़ी हुई चिंता रही थी। MCX पर सोना शाम 6:15 बजे तक 6% से ज्यादा यानी 9000 रुपये से अधिक गिरकर 1,43,844 पर, जबकि चांदी 12% से ज्यादा यानी 29,700 रुपये से अधिक टूटकर 2,18,411 पर आ गई है।
सोना 40 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे आया
ibjarates.com की वेबसाइट पर जारी किए गए भाव की बात करें तो 24 कैरेट सोना घटकर 1,51,030 रुपये पर पहुंच गया है। उसी तरह 22 कैरेट गोल्ड घटकर 1,38,899 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। महत्वपूर्ण है कि युद्ध से पहले 1,92,000 रुपये के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंचा गोल्ड 40000 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 151637 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।
पौने दो लाख रुपये से ज्यादा टूटी चांदी
चांदी की बात करें तो वह अपने रिकॉर्ड हाई लेवल से पौने दो लाख रुपये प्रति किलो से ज्यादा टूट गई है। 29 जनवरी 2026 को चांदी का भाव तेजी के साथ रिकॉर्ड हाई 4.20 लाख रुपये पर दर्ज हुआ था। लेकिन अब इसमें लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। ibjarates.com के मुताबिक, गुरुवार को चांदी 2,36,809 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। इस तरह इसमें अंदाजे 1.85 लाख रुपये प्रति किलो की गिरावट देखने को मिल रही है। आज गुरुवार (19 मार्च 2026) को भी चांदी के भाव में 13000 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज हुई है।