सूरत के कापोद्रा इलाके में एक इमारत में भीषण आग लगने से बड़ी दुर्घटना हो गई। आग की चपेट में आने से दो एलपीजी गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए, जिससे आसपास का इलाका दहल गया। इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
इमारत में रखे दो गैस सिलेंडर अचानक फट गए। कापोद्रा के रचना सर्कल के पास एक कारखाने में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कारखाने में कई मजदूर काम कर रहे थे, जिसके कारण भगदड़ मच गई। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इमारत में रखे दो गैस सिलेंडर अचानक फट गए, जिसके कारण मरने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सूरत फायर ब्रिगेड की टीमें हरकत में आ गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए 7 अलग-अलग फायर स्टेशनों से 10 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे 8 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। विस्फोट और आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 9 श्रमिक घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
प्राथमिक जांच में दो सिलेंडर फटने की पुष्टि हुई है, जिसके कारण विस्फोट की तीव्रता बढ़ गई। हालांकि, कारखाने में सबसे पहले आग किस कारण से लगी, यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और पुलिस द्वारा पंचनामा कर मामले की जांच की जा रही है।