मुख्य सामग्री पर जाएं
गुजरात

सूरत: कोर्ट में जज के सामने पति ने पत्नी पर फेंका एसिड, फिर की आत्महत्या की कोशिश

Satish Patel
Satish Patel
19 March 2026, 09:15 PM · 1 मिनट पढ़ें · 2 बार देखा गया
सूरत: कोर्ट में जज के सामने पति ने पत्नी पर फेंका एसिड, फिर की आत्महत्या की कोशिश

सूरत में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने कोर्ट में जज के सामने ही अपनी पत्नी पर एसिड फेंक दिया।

शुक्रवार को सूरत जिला सेवा सदन में भरण-पोषण के मामले की सुनवाई के दौरान यह घटना हुई। आरोपी पति ने पत्नी पर एसिड फेंकने के बाद खुद भी जहर पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, आयुर्वेदिक डॉक्टर विनोद भानुशाली और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से भरण-पोषण का केस चल रहा था। सेवा सदन के पांचवीं मंजिल पर स्थित कोर्ट नंबर 6 में मामले की सुनवाई थी। जैसे ही पत्नी आगे बैठी, विनोद ने एसिड की बोतल निकाली और उस पर फेंक दी।

एसिड अटैक इतना अचानक था कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। एसिड के छींटे आसपास के वकीलों और अन्य लोगों पर भी पड़े। पत्नी पर हमला करने के बाद, पति ने जहर पी लिया।

एसिड से झुलसी महिला और जहर पीने वाले पति, दोनों को तुरंत सूरत सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एसिड की बोतल और अन्य सबूत जब्त कर लिए हैं।

इस घटना ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद, एक व्यक्ति एसिड और जहर जैसी चीजें लेकर कोर्ट में कैसे दाखिल हो गया?

संबंधित समाचार